Oplus_16908288

बांस के डंडे और धारदार चाकू से किया गया हमला, पुलिस ने हथियार किए जब्त

राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अपचारी बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। आरोपियों ने युवकों पर बांस के डंडे और धारदार चाकू से हमला किया था, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और बांस का डंडा भी जब्त कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की रात लगभग 9:30 बजे नंदई चौक के पास की है। शुभम भारती और वरुण नायक चौक के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रितेश यादव उर्फ लारो अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलने पर शुभम के पिता राजू भारती उर्फ उत्तम तत्काल मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने शुभम भारती के सिर पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला किया, वहीं वरुण नायक के सीने के बाईं ओर धारदार चाकू से वार कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद घायलों का शासकीय जिला अस्पताल राजनांदगांव में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

मामले की रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 517/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2), 191 एवं 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी बसंतपुर कौलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चार बालिग आरोपियों के साथ तीन अपचारी बालकों की संलिप्तता भी सामने आई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में रितेश यादव उर्फ लारो (22 वर्ष), भक्त राज ढीमर (26 वर्ष), साहिल कुरैशी (22 वर्ष) और हर्ष उर्फ हर्षवर्धन राय (19 वर्ष) को शामिल बताया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू और बांस का डंडा जब्त किया गया।

पुलिस ने चारों बालिग आरोपियों को 3 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, तीनों अपचारी बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है।

राजनांदगांव पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पुरानी रंजिश को हिंसा का रूप न दें तथा कानून अपने हाथ में लेने से बचें। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *