राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला इकाई राजनांदगांव के जिला संयोजक पद का निर्वाचन भारत स्काउट एवं गाइड जिला कार्यालय भवन, स्टेट स्कूल के पास राजनांदगांव में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया में जिले के 33 संगठनों के जिला अध्यक्षों ने सर्वसम्मति से सतीश ब्यौहरे, जिला मिशन समन्वयक, समग्र शिक्षा राजनांदगांव को पुनः निर्विरोध जिला संयोजक चुना। इस प्रकार श्री ब्यौहरे को लगातार दूसरी बार फेडरेशन के जिला संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए प्रांतीय नेतृत्व की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में राजेश चटर्जी, मनीष मिश्रा एवं विजय लहरे उपस्थित रहे। पर्यवेक्षकों ने निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया का विधिवत पालन करते हुए जिला संयोजक पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए। इस दौरान उपस्थित 33 संगठनों के जिला अध्यक्षों ने एकमत होकर सतीश ब्यौहरे के नाम का प्रस्ताव रखा और सर्वसम्मति से उन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया।

निर्वाचन के पश्चात पर्यवेक्षकों द्वारा श्री ब्यौहरे को जिला संयोजक पद का नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। उनके पुनः निर्वाचन पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं संगठन के प्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि सतीश ब्यौहरे के पूर्व कार्यकाल में किए गए कार्यों, कुशल नेतृत्व क्षमता, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के हितों के प्रति सक्रियता तथा संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उन्हें दोबारा यह जिम्मेदारी सौंपने का सुझाव दिया गया था। सभी 33 जिला अध्यक्षों की सहमति के बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

इस अवसर पर प्रांतीय पर्यवेक्षक राजेश चटर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन को अपनी लंबित मांगों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता सहित कर्मचारियों एवं अधिकारियों की अन्य लंबित मांगों को लेकर आने वाले समय में शासन के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखी जाएगी। यदि शासन द्वारा इन मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया जाता है, तो फेडरेशन आगामी समय में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी।

मनीष मिश्रा एवं विजय लहरे ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और कर्मचारी-अधिकारी हितों के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला इकाई आने वाले समय में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करेगी तथा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी पहल करेगी।

नवनिर्वाचित जिला संयोजक सतीश ब्यौहरे ने सभी संगठनों के जिला अध्यक्षों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस विश्वास और समर्थन के साथ उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। कर्मचारियों एवं अधिकारियों की समस्याओं, लंबित मांगों तथा अधिकारों के संरक्षण के लिए सभी संगठनों को साथ लेकर सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रांतीय नेतृत्व के कमल वर्मा तथा निर्वाचन पर्यवेक्षकों राजेश चटर्जी, मनीष मिश्रा एवं विजय लहरे के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में डॉ. के.एल. टांडेकर, पी.आर. झाड़े, संतोष चौहान, संजय सिंह, संजय तिवारी, वीरेंद्र रंगारी, पुष्पेंद्र साहू, उत्तम डड़सेना, कौशल शर्मा, दिलीप बारले, महेश्वर प्रसाद साहू, अरुण देवांगन, बृजभान सिन्हा, परदेसी राम साहू, हरिश्चंद्र यादव, जी.आर. देवांगन, एन.एल. देवांगन, बहोरन सिंह पाल, राजेश साहू, निलेश रामटेक, डैनी राम वर्मा, सुदेश यादव, सी.एल. चंद्रवंशी, पंचारी, प्रशांत सुखदेवे, भूपेंद्र गणवीर, रमेश कुमार साहू, संतोष देवांगन, विनोद टांडेकर, संतोष देशमुख, उपेंद्र रामटेके, महेश साहू, एस.के. ओझा, क्रांति साहू, दुबे, भीषम ठाकुर, डी.एल. चौधरी, डुमन लाल साहू, मनीष साहू, सुदेश टेम्भुरकर, कृत लाल साहू, दीपक, अजय कड़व, छन्नू साहू, वैष्णव, माधो सिंह एवं चंदन लाल देवांगन सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन पी.आर. झाड़े, जिला अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *