रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी और ऐप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था।
सौरभ चंद्राकर पर महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क संचालित करने और करोड़ों रुपये के कथित वित्तीय घोटाले में शामिल होने के आरोप हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की जा रही है।
भारत लाए जाने के बाद सौरभ चंद्राकर को 2 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत में पेश किया गया। अदालत ने CBI को दो दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया है। अब उसे छत्तीसगढ़ लाकर रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना है।
जांच एजेंसियां उससे सट्टेबाजी नेटवर्क, हवाला के जरिए हुए लेनदेन, विदेशी बैंक खातों और इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ करेंगी। सौरभ चंद्राकर के प्रत्यर्पण को महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
