शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेने उमड़ी लोगों की भीड़, विभिन्न विभागों ने योजनाओं और उपलब्धियों का किया प्रदर्शन

राजनांदगांव, 02 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में राज्योत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री एवं राजनांदगांव जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों पर आधारित विभिन्न विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली तथा आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रभारी मंत्री श्री यादव ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में अपना ब्लड टेस्ट कराया। राजस्व विभाग के स्टॉल में स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में महिलाओं की आर्थिक उन्नति एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सक्षम योजना के तहत महिलाओं को चेक वितरित किए गए। वहीं परिवहन विभाग के स्टॉल में उन्होंने हितग्राहियों को लर्निंग लाइसेंस का वितरण किया।

जनसंपर्क विभाग ने प्रदर्शित की शासन की उपलब्धियां

जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। यहां छत्तीसगढ़ जनमन पत्रिका, छत्तीसगढ़ में सुशासन के लिए नवाचार ब्रोशर, सशक्त महिला-सशक्त छत्तीसगढ़ तथा 125 दिनों के रोजगार की नई गारंटी जी राम जी सहित विभिन्न प्रकाशनों का निःशुल्क वितरण किया गया। विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न जनहितकारी अभियानों को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने दिया पोषण और बाल संरक्षण का संदेश

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण लईका पहल के संबंध में जानकारी देते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुपोषण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। यहां पौष्टिक एवं मिलेट्स आधारित व्यंजनों, स्थानीय भाजियों तथा तिरंगा भोजन के माध्यम से संतुलित और पौष्टिक आहार का महत्व बताया गया। साथ ही बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टॉल में सुरक्षित बचपन अभियान के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों तथा जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

किसानों को आधुनिक खेती और फसल चक्र परिवर्तन के लिए किया प्रेरित

कृषि विभाग के स्टॉल में किसानों को रबी फसल चक्र परिवर्तन के अंतर्गत धान के स्थान पर कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों की खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। चना एवं मक्का की उन्नत उत्पादन तकनीक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जैविक खेती तथा कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले आधुनिक यंत्रों की जानकारी दी गई।

महिला स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार रागी, कोदो, तेलघानी का सरसों तेल और जैविक चावल जैसे उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए। उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में गेंदा फूल की खेती, शिमला मिर्च, केला, पपीता, बैंगन, टमाटर सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों की उन्नत खेती की जानकारी दी गई। किसानों को आय बढ़ाने के लिए खेती में विविधीकरण अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

बिहान समूहों के पारंपरिक व्यंजनों ने आकर्षित किया लोगों का ध्यान

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के स्टॉल में महिला स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजन चिला, फरा, चौसेला, अईरसा, ठेठरी और खुर्मी उपलब्ध कराए गए। इन व्यंजनों के माध्यम से स्थानीय पारंपरिक खानपान और महिला समूहों के स्वरोजगार को प्रदर्शित किया गया।

सौर ऊर्जा, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

विद्युत विभाग के स्टॉल में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों को घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर सौर ऊर्जा का उपयोग करने तथा योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस विभाग के स्टॉल में साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने और सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पुलिस विभाग द्वारा विभिन्न शस्त्रों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। परिवहन विभाग के स्टॉल में लर्निंग लाइसेंस बनाने की सुविधा के साथ हाई सिक्युरिटी नंबर प्लेट से संबंधित कार्य किए गए।

राज्योत्सव 2026 के माध्यम से जिले के नागरिकों को शासन की योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों, कृषि नवाचार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर प्राप्त हुईं। विभागीय स्टॉल एवं प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *