
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। सामाजिक सरोकार और मानवीयता का परिचय देते हुए राजनांदगांव के युवा अधिवक्ता कुणाल भंसाली ने एक घायल व्यक्ति की जान बचाकर समाज के लिए मिसाल पेश की है। यह घटना डोंगरगांव क्षेत्र की है, जहां एबिस फैक्टरी के समीप ट्रकों की लंबी कतार के जाम होने से एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसी दौरान अधिवक्ता कुणाल भंसाली वहां से गुजर रहे थे और उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एंबुलेंस सेवा के जरिए घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार,आज रात लगभग 8:30 को एबिस फैक्टरी के पास एक तेज रफ्तार दोपहिया वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर लोग तमाशबीन बने रहे और कोई भी तत्काल मदद के लिए आगे नहीं आया। ऐसे में कुणाल भंसाली का वहां से गुजरना घायल के लिए जीवनदायिनी साबित हुआ।
कुणाल ने न सिर्फ घायल की स्थिति को समझा, बल्कि 112 के माध्यम से एंबुलेंस को तुरंत मौके पर कॉल करके बुलवाया तथा बिना देरी किए घायल व्यक्ति को उसमें बैठाकर डोंगरगांव के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि घायल को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया होता, तो उसकी जान जाना तय थी।
अधिवक्ता कुणाल भंसाली पहले भी ऐसे कई सामाजिक कार्यों में तथा रक्तदान के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा चुके हैं। उनका उद्देश्य है कि सड़क दुर्घटनाओं या अन्य आपदाओं में समय पर चिकित्सकीय मदद पहुंचाकर लोगों की जान बचाई जा सके।
इस घटना के बाद डोंगरगांव क्षेत्र में कुणाल भंसाली की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि यदि हर नागरिक इसी तरह से संवेदनशीलता और तत्परता दिखाए, तो अनेक अनमोल जानें बचाई जा सकती हैं।
कुणाल भंसाली ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह सिर्फ मेरा नहीं, हर उस इंसान का कर्तव्य है जो किसी आपात स्थिति में किसी की जान बचा सकता है। हमें सिर्फ संवेदनशील बनना है, बाकी रास्ते अपने आप निकल आते हैं।”
उनकी इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि यदि इच्छाशक्ति हो, तो एक आम नागरिक भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। अधिवक्ता कुणाल भंसाली की यह मानवीयता भरी पहल निश्चित ही प्रेरणादायी है और समाज में जागरूकता फैलाने वाली है।
