
दिनांक 05 मई 2025
5मई 2025 को राजनांदगांव जिले के चिचोला पुलिस चौकी ने मवेशी तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम पाटेकोहरा के पास आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान महाराष्ट्र नंबर (MH36AA4271) की एक पिकअप वाहन को रोका गया, जिसमें दो नग भैंसों को क्रूरता पूर्वक भरकर कत्लखाना नागपुर ले जाया जा रहा था।

वाहन को रोककर जांच की गई तो उसमें भैंसों को बिना चारा-पानी के अत्यंत अमानवीय ढंग से ठूंसकर भरा गया था। वाहन चालक रोहित संजय ठवकर (उम्र 26 वर्ष) और साथ में बैठे गणेश मयाराम लूटे (उम्र 44 वर्ष), दोनों निवासी टवेपार, जिला भंडारा (महाराष्ट्र) को मौके पर ही हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और यह स्वीकार किया कि वे मवेशियों को नागपुर स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष दो भैंसों सहित संदेहास्पद पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और आरोपियों के खिलाफ धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 4, 6, 10 कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई का नेतृत्व श्रीमान पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अति. पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, तथा अनुविभागीय अधिकारी श्री आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे, सउनि विनोद कुमार वर्मा, सउनि मो. शरीफुद्दीन शेख, आर. विष्णु साहू एवं आर. गजेन्द्र भारद्वाज की अहम भूमिका रही।
पुलिस की यह तत्परता न सिर्फ मवेशी तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि पशु कल्याण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। चिचोला पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में कानून के प्रति विश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई है।
