दल्ली राजहरा के वरिष्ठ व्यवसायी श्री शांतिलाल लोढ़ा का निधन, अंतिम संस्कार आज शाम

दल्ली राजहरा, 4 मई:
दल्ली राजहरा व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष, जैन प्रेरणा क्लब के वर्तमान अध्यक्ष, समाजसेवी तथा प्रतिष्ठित व्यवसायी श्री शांतिलाल लोढ़ा (शांतु भैया) का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।शोक की इस घड़ी में दल्ली राजहरा और आसपास के क्षेत्र में व्यापारिक तथा सामाजिक जगत को गहरा आघात पहुंचा है।

श्री शांतिलाल लोढ़ा न केवल एक सफल व्यवसायी थे, बल्कि समाज में अपने धार्मिक आचरण, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल के लिए भी जाने जाते थे। जैन समाज में उनकी गहरी आस्था थी, और वे समाज के हर कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते थे। लोढ़ा जी की सोच हमेशा समाज और सेवा के लिए समर्पित रही।

आपके दो पुत्र – श्री सतीश लोढ़ा एवं श्री शैलेश लोढ़ा – हैं, जो अपने पिता के व्यवसाय और समाज सेवा के कार्यों में सदैव सहयोगी रहे हैं।

आप दल्ली राजहरा के प्रमुख व्यवसायिक प्रतिष्ठानों शांति ज्वेलर्स और शांति ट्रेडर्स के संस्थापक रहे हैं। व्यापार के साथ-साथ वे समाजसेवा, धार्मिक आयोजनों और सामाजिक समरसता को लेकर भी सदैव सक्रिय रहे। उनकी नेतृत्व क्षमता के कारण उन्होंने व्यापारी संघ और जैन समाज दोनों ही क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

श्री लोढ़ा की अंतिम यात्रा आज दिनांक 4 मई को शाम 4 बजे चिखलाकसा मुक्तिधाम से निकलेगी, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। शोकाकुल परिवार में प्रकाशचंद, कस्तूरचंद, दिलीप कुमार, सुरेंद्र कुमार लोढ़ा सहित समस्त लोढ़ा परिवार के सदस्य शामिल हैं, जो इस दुःखद घड़ी में शोक संतप्त हैं।

इस अपूर्णीय क्षति पर जैन समाज सहित समस्त व्यापारिक व सामाजिक संगठनों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *