

डौंडी लोहारा (बालोद)। डौंडी लोहारा के वार्ड नंबर 3 निवासी धर्मेन्द्र निषाद ने तहसीलदार को एक लिखित आवेदन सौंपकर कोटवार विश्वजीत द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी और दुर्व्यवहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि 25 अप्रैल 2025 को राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन योजना की जानकारी लेने के दौरान कोटवार ने उन्हें अपमानजनक बातें कही।
शिकायतकर्ता का कहना है कि कोटवार योजनाओं के लाभ के बदले अवैध रूप से पैसे की मांग कर रहा था और योजना का लाभ नहीं देने की धमकी दे रहा था। इससे क्षेत्र में शासन की योजनाओं की छवि धूमिल हो रही है।
शिकायतकर्ता ने तहसीलदार से उचित जांच कर कोटवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक बिना किसी भ्रष्टाचार या दबाव के पहुंचे।
इस घटना से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी कोटवार के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से बड़ा आंदोलन कर सकते हैं।
