
डोंगरगढ़, 25 अप्रैल 2025 — डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में 2 अप्रैल की रात हुए हमले के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों इमरान खान और नकीब खान को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में प्रार्थी ज्वेल जोसफ को सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जब नकीब खान ने उस पर चाकू के मुठ से वार किया था। दोनों आरोपी अपने दो अन्य नाबालिग साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिए थे।

घटना रात करीब 9 बजे एमजे फ्यूल पेट्रोल पंप के पास हुई थी, जब पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने पीड़ित को अश्लील गालियाँ देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर डोंगरगढ़ थाना पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं एसडीओपी आशीष कुंजाम के निर्देशन में चलाए गए सघन तलाशी अभियान के तहत 24 अप्रैल को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने नकीब खान के घर से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और एक मोटरसाइकिल, तथा इमरान खान से भी एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(1), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सउनि विजय साहू, प्रधान आरक्षक अजीत टोप्पो, आरक्षक योगेश साहू और ओमप्रकाश साहू की विशेष भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी:
1. इमरान खान, पिता अफरोज खान, उम्र 20 वर्ष, निवासी ईदगाह के पीछे, टेकरी पारा, डोंगरगढ़।
2. नकीब खान, पिता शबीर खान, उम्र 18 वर्ष 3 माह, निवासी पुराना बस स्टैंड, डोंगरगढ़।
