राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अवैध गांजा बिक्री के आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा गया

राजनांदगांव, 23 अप्रैल 2025।
थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 303 ग्राम गांजा तथा 350 रुपये नगद रकम जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 10,350 रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्यवाही की गई।

दिनांक 22 अप्रैल 2025 को पुलिस को एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति खैरागढ़ स्टेट स्कूल के सामने यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध अवस्था में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और त्वरित कार्यवाही करते हुए एक टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की घेराबंदी कर दबिश दी। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान लोमन सिंह नावेलकर, पिता स्व. राम अधीन नावेलकर, उम्र 69 वर्ष, निवासी शंकरपुर वार्ड क्रमांक 09, ओ.पी. चिखली, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। आरोपी के पास मौजूद मेहरून और सफेद रंग के प्रिंटेड थैले की तलाशी ली गई, जिसमें से 303 ग्राम मादक पदार्थ गांजा तथा उसकी जेब से 350 रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी गांजा रखने या बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने गांजा और नगदी रकम को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 190/2025 धारा 20-बी नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आज दिनांक 23 अप्रैल 2025 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव में दाखिल कराया गया।

इस कार्यवाही में निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक राधेश्याम जूर्री, प्रधान आरक्षक शम्भूनाथ द्विवेदी एवं थाना स्टॉफ की सक्रिय और सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि नशा विरोधी अभियान आगे भी इसी प्रकार सख्ती से जारी रहेगा। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *