छत्तीसगढ़: सरगुजा में दीवार गिरने से नाबालिग मजदूर की मौत, एक अन्य गंभीर रूप से घायल

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम करजी में एक कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में दो मजदूर मिट्टी के मलबे में दब गए।

घटना में एक नाबालिग मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मालिक अपने पुराने कच्चे मकान को तोड़कर नया मकान बनवा रहा था। इसके लिए मैनपाट क्षेत्र के कदनई गांव से कुछ मजदूरों को बुलाया गया था। निर्माण कार्य के दौरान अचानक दीवार गिरने से यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मलबे को हटवाकर मजदूरों को बाहर निकाला और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *