
राजनांदगांव/छत्तीसगढ़।
नैतिक एवं मानवीय मूल्यों के साथ भारतीय संविधान के सिद्धांतों का पालन करते हुए समाज में न्याय, समानता और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से कार्य कर रहे कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिवशंकर सिंह गौर ने संगठन विस्तार के तहत मनीष कुमार जैन को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

यह नियुक्ति संगठन के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई है। संगठन का मुख्य लक्ष्य समाज में हर व्यक्ति के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सुरक्षा और आजीविका जैसे मूलभूत सिद्धांतों को सुनिश्चित करने के लिए कार्य करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संगठन लगातार प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ाने का प्रयास कर रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शिवशंकर सिंह गौर ने नियुक्ति की घोषणा करते हुए कहा कि कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन भारतीय संविधान के आदर्शों को आधार बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें समान अधिकार, स्वतंत्रता और न्याय का मार्ग दिखाता है, इसलिए संगठन का हर कार्य इन्हीं मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मनीष कुमार जैन लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उम्मीद है कि उनके नेतृत्व और सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश में संगठन का विस्तार और अधिक मजबूती के साथ होगा।
नवनियुक्त प्रदेश महासचिव मनीष कुमार जैन ने इस जिम्मेदारी के लिए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे संगठन के उद्देश्यों को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में कार्यकर्ताओं को संगठित करेंगे और समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकारों की आवाज पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन का उद्देश्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि समाज में न्याय, समानता और भागीदारी की भावना को मजबूत करना है। इसके लिए युवाओं, महिलाओं और समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मनीष कुमार जैन को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन प्रदेश में और अधिक सक्रियता के साथ कार्य करेगा तथा समाज के हित में नई पहलें करेगा।
इस नियुक्ति के बाद कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में संगठन सामाजिक सरोकारों के मुद्दों पर और प्रभावी ढंग से अपनी भूमिका निभाएंगे
