रमन नगर प्रकरण पर भाजपा का स्पष्ट पक्ष – पार्षद रवि सिन्हा का कड़ा जवाब

राजनांदगांव। रमन नगर बांसपाई पारा, वार्ड क्रमांक 39 में बेदखली नोटिस को लेकर जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच भाजपा पार्षद रवि सिन्हा ने पार्टी का स्पष्ट पक्ष रखते हुए विपक्ष पर गरीबों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा की जा रही कार्यवाही पूरी तरह नियमानुसार और शासन के निर्देशों के अनुरूप है, और इसमें किसी भी प्रकार की दुर्भावना नहीं है।
पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि रमन नगर क्षेत्र माननीय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का निर्वाचन क्षेत्र है, इसलिए यहां के प्रत्येक नागरिक की चिंता भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी गरीब परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के किसी को बेघर नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का मूल उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत लाभान्वित परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर तकनीकी या कानूनी कारणों से नोटिस जारी किए गए हैं, तो उनका समाधान संवाद, सुनवाई और वैकल्पिक पुनर्वास व्यवस्था के माध्यम से किया जाएगा।
रवि सिन्हा ने नगर निगम के महापौर मधुसूदन यादव पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार गरीब कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही उसका उद्देश्य है। उन्होंने दोहराया कि बिना पुनर्वास की स्पष्ट और पारदर्शी व्यवस्था के किसी भी परिवार को हटाने की कार्रवाई नहीं की जाएगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा पर आरोप लगाया कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने इन बस्तियों के नियमितीकरण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। अब जब प्रशासन नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है, तो जनता को भ्रमित और भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आत्मदाह जैसी बातें कहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और गैर-जिम्मेदाराना है, जिससे सामाजिक वातावरण बिगड़ सकता है।
पार्षद ने यह भी कहा कि भाजपा प्रशासन और आम नागरिकों के बीच संवाद का सेतु है। यदि किसी निवासी को नोटिस या प्रक्रिया को लेकर आपत्ति है, तो वह विधिक और प्रशासनिक माध्यम से अपनी बात रख सकता है। हर शिकायत और आपत्ति पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।
अंत में रवि सिन्हा ने रमन नगर के निवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के बहकावे में न आएं और अफवाहों से दूर रहें। भाजपा सरकार गरीबों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्पित है तथा प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *