
राजनांदगांव, 26 फरवरी 2026।
होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के वातावरण में मनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कीं। पुलिस प्रशासन की इस पहल को त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जिले के थाना बागनदी, पुलिस चौकी मोहारा, ओपी सुकुलदेहन एवं थाना घुमका सहित अन्य थाना क्षेत्रों में आयोजित बैठकों में स्थानीय सरपंच, उपसरपंच, कोटवार, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठकें पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा संबंधित पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों के पर्यवेक्षण में संपन्न हुईं।

बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डरावने अथवा पहचान छिपाने वाले प्रतिबंधित मुखौटे पहनकर हुड़दंग करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाने की अनुमति होगी, बिना अनुमति डीजे संचालन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। अश्लील गाने बजाने या अत्यधिक शोर करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई एवं जुर्माना किया जाएगा। तेज रफ्तार, तीन सवारी, खतरनाक ड्राइविंग तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि त्योहार की खुशी में किसी की जान खतरे में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा जबरन रंग लगाने, झगड़ा-विवाद करने या शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाएगा। होलिका दहन के दौरान बिजली के तारों और खंभों के आसपास आग न जलाने की अपील की गई, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कर नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
राजनांदगांव पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार की खुशियां मना सकें।
