जिला महासचिव बनाए जाने पर परमानंद वर्मा को मिली बधाइयाँ, कल करेंगे पदभार ग्रहण

राजनांदगांव। फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी (FDLP) में जिला महासचिव नियुक्त किए जाने पर ग्रामीण क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता एवं लोधी समाज इन्दामरा के अध्यक्ष परमानंद वर्मा को पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएँ एवं बधाइयाँ दी हैं।

पार्टी नेताओं ने कहा कि वर्मा लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए ग्रामीण जनता के मुद्दों को उठाते रहे हैं, जिसके कारण उन्हें संगठन में यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
FDLP के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह गौर ने परमानंद वर्मा के कार्य, अनुभव और समर्पण को देखते हुए उन्हें जिला महासचिव नियुक्त किया है। श्री गौर ने विश्वास जताया कि वर्मा के नेतृत्व में पार्टी को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नई मजबूती मिलेगी और संगठन का विस्तार तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि वर्मा जैसे जमीनी नेता पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी वर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन में नई ऊर्जा आएगी और पार्टी का जनाधार मजबूत होगा। कई कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
जानकारी के अनुसार, परमानंद वर्मा कल औपचारिक रूप से जिला महासचिव पद का पदभार ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं ने संपूर्ण तैयारियाँ कर ली हैं और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व समर्थकों के उपस्थित रहने की संभावना है।
परमानंद वर्मा ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और संगठन तथा जनता के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य ग्रामीण विकास, युवाओं के उत्थान और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *