चिखली पुलिस की सख्त कार्यवाही, अशांति फैलाने वाले 3 बदमाश जेल भेजे गए

राजनांदगांव, 24 फरवरी 2026।
शहर में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चिखली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, चौकी चिखली क्षेत्र में रहने वाले विजय साहू उर्फ पोकी (38 वर्ष), सूरज उके (40 वर्ष) और रोहित पड़ोती (45 वर्ष) द्वारा मोहल्ले में आए दिन विवाद कर शांति व्यवस्था भंग की जा रही थी। इनके खिलाफ लोगों की शिकायतें लगातार पुलिस तक पहुंच रही थीं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों के विरुद्ध पृथक-पृथक धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें जेल दाखिल कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते यह कार्रवाई की गई, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनी रहे। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
चौकी चिखली पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गांजा, शराब बिक्री, असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उपनिरीक्षक राकेश पटेल, प्रधान आरक्षक वंदना पटले, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी सहित चौकी चिखली के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *