सहकारिता व किसानों को मजबूती देने वाला बजट – सचिन सिंह बघेल

राजनांदगांव। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल ने छत्तीसगढ़ के वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट सहकारिता क्षेत्र, किसानों के सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाला दूरदर्शी दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में ओ. पी. चौधरी द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत बजट किसानों और ग्रामीण अंचलों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।
सचिन सिंह बघेल ने बताया कि कृषि, सिंचाई, ग्रामीण अधोसंरचना और सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधानों से प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) और जिला सहकारी बैंकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। इससे किसानों को समय पर फसल ऋण, अल्पकालीन एवं मध्यकालीन ऋण तथा कृषि निवेश के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता सहजता से मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि बजट में सहकारी संस्थाओं के आधुनिकीकरण, डिजिटलीकरण और पारदर्शिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे बैंकिंग सेवाएं गांव-गांव तक सुलभ होंगी और किसानों को बिना किसी परेशानी के ऋण एवं अन्य सुविधाएं मिलेंगी। ब्याज अनुदान योजना, समर्थन मूल्य व्यवस्था और कृषि ऋण वितरण को मजबूत करने से किसानों की आय में स्थिरता आएगी।
बघेल ने कहा कि सड़क, सिंचाई और भंडारण सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादों के विपणन में आसानी होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट “सहकार से समृद्धि” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक किसानों को बेहतर बैंकिंग सुविधा और पारदर्शी ऋण व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *