किसान हितों को सशक्त करने वाला बजट : मूलचंद लोधी

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मूलचंद लोधी ने प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को किसान, गरीब और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने वाला बजट बताया है। राजनांदगांव में जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और गांवों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री लोधी ने कहा कि बजट में कृषि अधोसंरचना के विकास, सिंचाई योजनाओं के विस्तार, समर्थन मूल्य पर खरीदी की मजबूत व्यवस्था तथा कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधान किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने बताया कि इससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेती की लागत कम होने के साथ उत्पादन में वृद्धि होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का दृष्टिकोण केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालन, उद्यानिकी, जैविक खेती और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देकर किसानों के लिए अतिरिक्त आय के स्रोत तैयार किए जा रहे हैं। इससे किसानों को वर्षभर आय प्राप्त होगी और कृषि पर निर्भर परिवारों की जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा। श्री लोधी ने कहा कि यह बजट “समृद्ध किसान – सशक्त छत्तीसगढ़” की सोच को साकार करने वाला है।
प्रदेश मंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य, समय पर भुगतान, सस्ती खाद-बीज उपलब्धता और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में सरकार गंभीर प्रयास कर रही है। इससे प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
अंत में श्री लोधी ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान मोर्चा गांव-गांव जाकर इस बजट की जानकारी किसानों तक पहुंचाएगा। साथ ही सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों को दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि किसान आत्मनिर्भर बनें और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट आने वाले समय में किसानों की समृद्धि और गांवों के विकास का नया अध्याय लिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *