मोहड़–धामनसरा एनीकट सिंचाई योजना में गड़बड़ी के आरोप, 7 दिन में जांच रिपोर्ट देने की मांग


राजनांदगांव। मोहड़–धामनसरा एनीकट सिंचाई योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर क्षेत्र में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस संबंध में शिवशंकर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी एवं संयोजक कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन ने जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को विस्तृत शिकायत भेजकर सात दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि मोहड़–धामनसरा एनीकट सिंचाई योजना वर्ष 2017-18 से 2019-20 के बीच लगभग 17.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई थी। इस योजना का उद्देश्य 240 हेक्टेयर भूमि पर टमाटर, मिर्च, केला, चना और पपीता जैसी उद्यानिकी फसलों को सिंचाई सुविधा देना था, लेकिन किसानों का आरोप है कि योजना से अब तक एक बूंद पानी भी खेतों तक नहीं पहुंचा और उन्हें कोई लाभ नहीं मिला।


शिवशंकर सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर कई बार मौके पर निरीक्षण किया गया। हाल ही में मीडिया टीम के साथ निरीक्षण के दौरान कार्यशाला भवन और फिल्टर यूनिट के ताले टूटे मिले, पाइप और अन्य सामग्री खुले में पड़ी थी तथा कोई विभागीय कर्मचारी मौके पर नहीं था। कर्मचारियों के लिए बने क्वार्टर भी खाली पाए गए। किसानों का कहना है कि चयनित 240 हेक्टेयर भूमि पर अब भी धान की खेती हो रही है और उद्यानिकी फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि योजना का सही संचालन होता तो आसपास के सैकड़ों किसानों को आर्थिक लाभ मिलता। इस मामले में छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, बीज निगम, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को ज्ञापन भेजकर योजना की बिंदुवार जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर राजनांदगांव कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों और किसानों ने भी योजना की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
संपर्क सूत्र:
शिवशंकर सिंह
प्रदेश अध्यक्ष, फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी एवं संयोजक कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन
मोबाइल: 8839300735

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *