छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर गौमाता सेवा आर्मी संस्थान ने रचा इतिहास


राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी राजनांदगांव में छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर गौमाता सेवा आर्मी संस्थान द्वारा भव्य शौर्य शोभायात्रा निकालकर इतिहास रचा गया। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल शहर बल्कि पूरे प्रदेश को शौर्य, स्वाभिमान और स्वराज का संदेश दिया गया। रैली में सैकड़ों गौसेवकों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही, जिससे पूरा शहर शिवमय हो उठा।
संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुंदन सोनी ने संबोधित करते हुए कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने जिस शौर्य, स्वाभिमान और स्वराज की नींव रखी, वह आज के लोकतांत्रिक भारत की आत्मा है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज ने किसानों के हितों की रक्षा और गौमाता के संरक्षण के लिए अपनी सेना को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी किसान की फसल को नुकसान न पहुंचे। गौवंश की रक्षा के लिए उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्री सोनी ने वर्तमान परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी गौमाता सड़कों पर असुरक्षित और बेसहारा दिखाई देती है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने गौहत्या पर रोक लगाने की मांग करते हुए इसे जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प दोहराया।
प्रदेश संरक्षक श्री शिवम चौधरी ने कहा कि शिवाजी महाराज का समर्पण अपने राज्य और प्रजा के प्रति अनुकरणीय था। प्रदेश प्रवक्ता श्री शिवशंकर सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिवाजी महाराज की स्वराज की परिकल्पना को आगे बढ़ाने का कार्य महात्मा ज्योतिराव फुले ने शिक्षा और सामाजिक समानता के माध्यम से किया। उन्होंने ‘गुलामगिरी’ जैसी ऐतिहासिक कृतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक चेतना ही वास्तविक स्वराज का आधार है। साथ ही उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समानता और न्याय के सिद्धांतों को स्थापित कर शिवाजी महाराज के सपनों के भारत को साकार करने का मार्ग प्रशस्त किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रदेश सचिव श्री प्रेम कापसे द्वारा शिवाजी महाराज का जीवंत अभिनय रहा। उनके प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण से उपस्थित जनसमूह भावुक हो उठा। शोभायात्रा अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, दुर्गा चौक होते हुए शिवाजी पार्क पहुंची, जहां शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष आरती एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
रैली में प्रदेश अध्यक्ष कुंदन सोनी, संरक्षक शिवम चौधरी, प्रवक्ता शिवशंकर सिंह, उपाध्यक्ष आशीष खोबरागड़े, सचिव प्रेम कापसे, जिला अध्यक्ष दीपक साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में श्री सोनी ने सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग देने वालों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया। साथ ही गौमाता सेवा आर्मी द्वारा भविष्य में गौसेवा हेतु अस्पताल खोलने की घोषणा की गई, जिसका उपस्थित जनसमूह ने स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *