कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय के प्रतिनिधि मंडल ने उच्च शिक्षा मंत्री से की भेंट, वार्षिक उत्सव हेतु तिथि तय करने का आग्रह

राजनांदगांव, 20 फरवरी 2026।
शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट कर महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु तिथि निर्धारित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधि मंडल ने लिखित आवेदन के साथ कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी मंत्री महोदय को सौंपी।
यह प्रतिनिधि मंडल जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष सुश्री मणि भास्कर गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचा, जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं जनभागीदारी समिति के सम्मानित सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री महोदय को बताया कि महाविद्यालय द्वारा वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह इसी माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित करने का प्रस्ताव है, जिसमें मेधावी छात्राओं को पदक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं की प्रतिभा को मंच दिया जाएगा।
सुश्री मणि भास्कर गुप्ता ने मंत्री महोदय को महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सामाजिक गतिविधियों तथा छात्राओं की उत्कृष्ट उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि मंत्री महोदय की उपस्थिति से छात्राओं को प्रेरणा मिलेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्राओं के परिश्रम और उपलब्धियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर होता है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और महाविद्यालय की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा राज्य शासन की प्राथमिकता है और ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार होता है। मंत्री महोदय ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही अपनी उपलब्धता के अनुसार तिथि तय कर महाविद्यालय प्रशासन को सूचित करेंगे।
भेंट के बाद प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री महोदय का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम में उनके आगमन की आशा जताई। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा वार्षिक उत्सव की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *