राजनांदगांव में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, शिवशंकर सिंह ने की जनभागीदारी की अपील

राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)।
संस्कारधानी राजनांदगांव में कल 19 फरवरी 2026 को महान राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर गौ सेवा आर्मी संस्थान छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता श्री शिवशंकर सिंह ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि दोपहर 3 बजे से भदोरिया चौक से महावीर चौक होते हुए बाजार क्षेत्र तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा के माध्यम से युवाओं और आम जनता को शिवाजी महाराज के आदर्शों, उनके शौर्य, न्यायप्रियता और जनहितकारी नीतियों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया जाएगा।
शिवशंकर सिंह ने कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि जन-जन के राजा थे। उन्होंने किसानों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और युद्ध के समय सेना को निर्देश दिया कि किसानों की फसलों को कोई नुकसान न पहुंचे। समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ भी उन्होंने संघर्ष किया और न्यायपूर्ण शासन व्यवस्था स्थापित की।
उन्होंने आगे कहा कि महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले ने भी शिवाजी महाराज के जीवन और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। फुले जी ने किसानों और महिलाओं की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक प्रयास किए तथा अपने साहित्य के माध्यम से शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
शिवशंकर सिंह ने कहा कि आज लोकतंत्र और प्रजातंत्र के दौर में शिवाजी महाराज की जयंती मनाना समाज को एकता, स्वाभिमान और स्वराज की भावना से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक घड़ी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर एकता और भाईचारे का परिचय दें तथा शिवाजी महाराज के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव की जनता अपने जननायक को याद कर देश और समाज के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाए। यह शोभायात्रा केवल उत्सव नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक संदेश लेकर आएगी, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, सामाजिक न्याय और धर्मनिष्ठा की प्रेरणा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *