
अंबागढ़ चौकी विकासखंड के माहुद मचांदुर स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में एक प्रेरणादायी आयोजन देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों के प्रति सामाजिक दायित्व के निर्वहन के उद्देश्य से न्योता भोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय के प्रधान पाठक एवं योग शिक्षक अशोक कुमार साहू द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर पर किया गया, जिसमें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई।

इस अवसर पर प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं उच्चतर माध्यमिक शाला के कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी विद्यार्थी, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। न्योता भोज में विद्यार्थियों को चावल, दाल, सब्जी के साथ-साथ पौष्टिक आहार के रूप में पूड़ी, तिल-मूंगफली, फल आदि परोसे गए। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण कर कार्यक्रम का आनंद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान पाठक अशोक कुमार साहू ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर ऐसे सामाजिक आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, समानता और सेवा भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि न्योता भोज जैसे कार्यक्रमों से न केवल बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलता है, बल्कि समाज में भोजन दान और सामाजिक एकता का संदेश भी जाता है। इससे लोग समाज सेवा के लिए आगे आते हैं और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आर.डी. कोसरिया ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक जब अपने व्यक्तिगत अवसरों को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हैं, तो वह समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों से मिलने वाले संस्कारों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ से डा. प्रेरणा बंसोड़, निषा वर्मा, माधवीलता श्रीपूरम, पुष्पा रामटेके, लीना गोस्वामी, राखी सरकार, रजिया खातून, प्रेणम वर्मा, मोनिका मारकांडे, टीनेश्वरी रावटे, दौपद्री चिरामे, अवनेश राजपूत, एल.एन. साहू, सुनील बंजारे, अखिलेश बारसागढ़े, चेतन पटेल, तुलेश्वर साहू, जी.के. चंद्राकर, राजेंद्र वर्मा, ए.आर. मानकर, सुनील बंजारी सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जनपद सदस्य खेमलाल साहू, अधिवक्ता सौरभ मिलिंद, सरपंच परमेश्वर खरे, लखन दास सार्वा, प्रशांत गजभिए, प्रशांत दामले, पीला साहू सहित गांव के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में शामिल हुए और न्योता भोज का आनंद लिया।
समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। यह आयोजन शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा गया।
