
राजनांदगांव।थाना लालबाग पुलिस ने पांच माह पूर्व घटित डकैती की गंभीर वारदात में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। यह वही प्रकरण है जिसमें आरोपीगणों ने प्रार्थी व उसके साथियों को जबरदस्ती बंधक बनाकर उनसे नगदी और ऑनलाइन रकम की लूट की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन स्विफ्ट डिजायर (सीजी 07 एयू 3018) और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 अप्रैल 2025 को प्रार्थी अपने तीन साथियों के साथ ग्राम बरगाही जा रहा था, तभी पुराना ढाबा के पास नीले रंग की कार में सवार आरोपी पुरुषोत्तम उर्फ जादू, नितिन साहू, राहुल सिंह, आदित्य पालेवाल और अभिषेक उर्फ दादा बंजारी ने रास्ता रोक लिया। सभी आरोपियों ने प्रार्थी व उसके साथियों को कार से उतारकर मारपीट की, गाली-गलौज करते हुए जबरदस्ती उन्हें एक मकान में बंद कर रातभर बंधक बनाए रखा। इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी से नगद 4000 रुपये छीन लिए और उसकी माँ को धमकाकर ऑनलाइन 20,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
घटना के बाद फरार हुए आरोपियों में से दो — नितिन साहू और राहुल राजपूत — को पुलिस ने पहले ही 23 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि शेष तीन आरोपी — पुरुषोत्तम उर्फ जादू देवागन, आदित्य पालेवाल उर्फ आदि और अभिषेक उर्फ दादा बंजारी — लगातार फरार थे।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दशहरा के दौरान विशेष रूप से आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना एवं कॉल डिटेल के आधार पर 06 अक्टूबर 2025 को तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सभी ने अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी आदित्य पालेवाल से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन तथा आरोपी पुरुषोत्तम देवागन से स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक शोभाराम बेरवंशी, आरक्षक राजकुमार बंजारा, कमल किशोर यादव, रोशन सिन्हा और कमलेश सहारे की भूमिका सराहनीय रही।
