गुम सोने की चैन और स्कूटी ढूंढकर पुलिस ने लौटाया, आवेदक-आवेदिका ने जताया आभार

राजनांदगांव, 23 सितम्बर 2025।
थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने अपनी तत्परता और सजगता का परिचय देते हुए आम नागरिकों की गुम हुई बहुमूल्य वस्तुएं ढूंढकर उन्हें सुरक्षित सुपुर्द किया। पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही से आवेदक-आवेदिका सहित परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताते हुए उनकी प्रशंसा की।

मिली जानकारी के अनुसार, आवेदिका श्रीमती योगेश्वरी साहू पति अनेश कुमार साहू निवासी नंदई चौक, वार्ड नं. 40 बसंतपुर, राजनांदगांव ने दिनांक 21 सितम्बर को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 सितम्बर को वे कपड़ा खरीदने के लिए त्रिपदा फैशन स्टोर, जय स्तंभ चौक गई थीं। खरीदारी के दौरान उनके गले में पहनी हुई लगभग 2 लाख रुपये की सोने की चैन गुम हो गई। खोजबीन के बाद भी चैन नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।

शिकायत के बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और घटना स्थल पर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाला। जांच के दौरान पाया गया कि कपड़ा चेंजिंग रूम के पास चैन नीचे गिरी और फर्श पर बिछे मैट के अंदर चली गई थी। पुलिस ने चैन को बरामद कर आवेदिका को बुलाकर सुरक्षार्थ सुपुर्द किया। चैन मिलने पर श्रीमती साहू ने राहत की सांस ली और कोतवाली स्टाफ की त्वरित कार्यवाही की सराहना की।

इसी तरह, थाना सिटी कोतवाली को राजा पारख पिता ज्ञानचंद पारख, उम्र 39 वर्ष, निवासी अनुपम नगर, राजनांदगांव ने आवेदन देकर बताया कि वे लगभग 3 माह पूर्व अपनी नीले रंग की टीव्हीएस जूपीटर स्कूटी (क्रमांक CG 08 AY 0318) शहर में कहीं खड़ी कर भूल गए थे। उन्हें यह भी याद नहीं था कि वाहन कहां खड़ा किया गया था।

आवेदन पर पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और स्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज खंगालने पर वाहन कलेक्ट्रेट परिसर के पास खड़ा मिला। पुलिस ने स्कूटी को सुरक्षित बरामद कर राजा पारख को बुलाकर सौंप दिया। स्कूटी पाकर वे अत्यंत प्रसन्न हुए और कोतवाली पुलिस के प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इन दोनों घटनाओं में कोतवाली पुलिस की सजगता और मेहनत ने यह साबित कर दिया कि पुलिस नागरिकों की हर समस्या में मदद करने के लिए हमेशा तत्पर रहती है। गुमशुदा बहुमूल्य वस्तुएं वापस मिलने से आवेदिका योगेश्वरी साहू और आवेदक राजा पारख ने पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्यवाही ने उनके विश्वास को और मजबूत किया है।

इस कार्यवाही में प्र.आर. संदीप चौहान, आरक्षक प्रयंश सिंह, रंजीत चौरसिया, प्रदीप जायसवाल और श्रीनिवास राव की अहम भूमिका रही। उनकी सतर्कता और ईमानदार प्रयास से ही गुम हुई वस्तुएं वापस मिल सकीं।

पुलिस की इस सफलता से न केवल आवेदक-आवेदिका खुश हुए बल्कि आमजन के बीच भी एक सकारात्मक संदेश गया है कि राजनांदगांव पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए लगातार तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *