
राजनांदगांव, 22 सितम्बर।
क्वांर नवरात्रि पर्व 22 सितम्बर से 01 अक्टूबर 2025 तक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए प्रदेश और बाहर से लाखों श्रद्धालु पैदल व अन्य साधनों से पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात की सुगमता को देखते हुए यातायात पुलिस राजनांदगांव ने विशेष ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है।
एडवायजरी के अनुसार—
नवरात्रि पर्व के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश राजनांदगांव शहर में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
बालोद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मोहारा बायपास,
खैरागढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को गठुला से,
तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-53 से गुजरने वाले भारी वाहनों को ट्रांसपोर्ट नगर और सीआईटी बायपास से डायवर्ट किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर अंजोरा बायपास से दाहिनी ओर नागपुर-रायपुर मार्ग पदयात्रियों के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं वाहनों को बायीं ओर वन-वे बनाकर रायपुर-नागपुर रोड पर चलाया जाएगा।
पदयात्रियों के लिए विशेष मार्ग तय किया गया है, जिसमें रामदरबार, अग्रवाल ट्रांसपोर्ट, टांकापारा, वेसलियन स्कूल, बल्देवबाग रोड, तुलसीपुर, मोतीपुर अंडरब्रिज, नवागांव, लिटिया, मूसरा, बेलगांव, अछोली, रेल्वे कॉलोनी चौक और कालका पारा से होकर श्रद्धालु डोंगरगढ़ मेला स्थल पहुंचेंगे।
छोटे वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था:
राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन मुरमुंदा, बधियाटोला, गुरूद्वारा पार्किंग या क्षीरपानी पार्किंग में खड़े होंगे।
नागपुर की ओर से आने वाले वाहन चिचोला, लालबहादुर नगर, गाजमर्रा व कॉलेज ग्राउंड गौशाला पार्किंग में रुक सकेंगे।
खैरागढ़ से आने वाले दर्शनार्थी हाई स्कूल परिसर में वाहन पार्किंग करेंगे।
बोरतलाव की ओर से आने वाले श्रद्धालु गौशाला पार्किंग या मेला ग्राउंड पार्किंग का उपयोग करेंगे।
गुरूद्वारा और क्षीरपानी पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले दर्शनार्थियों को मुरमुंदा से उरईडबरी नेशनल हाईवे की ओर निकासी दी जाएगी।
रायपुर की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को बांयी ओर तथा नागपुर की ओर जाने वालों को दाहिनी ओर आगे बढ़ाया जाएगा।
पदयात्री मार्ग (मोतीपुर, लिटिया, मूसरा, बेलगांव, अछोली मार्ग) पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु एवं आम नागरिक निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें, ताकि नवरात्रि पर्व के दौरान आवागमन सुगम और सुरक्षित रह सके।
