पीड़ित परिवार ने आईजी से की मुलाकात की घोषणा, 15 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं

राजनांदगांव/मोहला-मानपुर।
चिल्हाटी थाना अंतर्गत आने वाली अ. चौकी क्षेत्र की एक गंभीर घटना को लेकर पीड़ित परिवार और विधिक टीम 24 सितम्बर 2025 को दोपहर 1 बजे पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राजनांदगांव से मुलाकात करेंगे। इस दौरान पीड़ित परिवार घटना की सम्पूर्ण जानकारी आईजी को देगा और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेगा।

घटना का पंजीकरण 9 सितम्बर 2025 को थाना चिल्हाटी में किया गया था। प्रकरण में आईपीसी की धारा 296, 351(2), 324(2) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। बावजूद इसके, अपराध पंजीयन के 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और लगातार दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार के घर की ओर आरोपियों ने सीधा CCTV कैमरा लगा दिया है, जिससे उनकी निजी गतिविधियों जैसे नहाना-धोना तक पर नजर रखी जा रही है। इस वजह से परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल है।

परिवार का कहना है कि आरोपियों को पुलिस अधीक्षक मोहला श्रीमान बी.पी. सिंह का संरक्षण प्राप्त है। इसी कारण 15 दिनों तक भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और न ही पीड़ित परिवार को कोई सुरक्षा मुहैया कराई गई।

इस मामले के आरोपी ग्राम कहार कसा निवासी

1. केजन दास साहू

2. जीवन दास साहू

3. कामेश्वरी साहू बताए गए हैं।

वहीं, पीड़ित पक्ष का नाम मामले की संवेदनशीलता और एट्रोसिटी एक्ट के कारण उजागर नहीं किया गया है। परिवार का कहना है कि यदि न्यायिक कार्रवाई शीघ्र नहीं हुई तो उनकी जान-माल की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।

फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री शिवशंकर सिंह ने कहा कि यह गंभीर मामला है और इतने दिन बाद भी गिरफ्तारी न होना न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन आरोपियों को संरक्षण दे रहा है, जिसके कारण वे खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को आतंकित कर रहे हैं।

श्री सिंह ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनकी पार्टी न्याय दिलाने के लिए उग्र आंदोलन करने पर मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि वह पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे और दोषियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजे।

अब सबकी नजर 24 सितम्बर को होने वाली इस मुलाकात पर टिकी है, जहां पीड़ित परिवार और विधिक टीम आईजी से सीधे मिलकर न्याय की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *