सीएमएच्ओ डॉ. नेतराम नवरत्न पर लापरवाही का आरोप, फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी करेगी धरना

राजनांदगांव। फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने जिला चिकित्सालय अधिकारी एवं सीएमएच्ओ डॉ. नेतराम नवरत्न पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे “कुंभकरण की नींद सो रहे हैं” और निजी अस्पतालों को फायदा पहुंचाने में अपने पदेन दायित्वों की अनदेखी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर 2023 को संजीवनी हॉस्पिटल चिखली में हुई एक घटना ने पूरे प्रदेश को हिला दिया था। डिलीवरी के लिए आई महिला की बच्ची तो सुरक्षित पैदा हुई, लेकिन अस्पताल की गंभीर लापरवाही के कारण महिला के पाँच अंग प्रभावित हो गए। इसके बाद परिवार ने राजनांदगांव से रायपुर तक कई बड़े अस्पतालों के चक्कर लगाए, पर न्याय नहीं मिला।

पीड़ित परिवार की मदद के लिए शिवशंकर सिंह ने आंदोलन की राह पकड़ी और निजी अस्पतालों की लूट के खिलाफ मोर्चा खोला। लगातार दबाव के बाद राज्य स्तरीय जांच समिति गठित की गई। समिति को सात दिन में रिपोर्ट देनी थी, लेकिन रिपोर्ट आने में तीन महीने लगे। रिपोर्ट में साफ उल्लेख किया गया कि आयुष्मान कार्ड की धारा 6 के तहत संजीवनी अस्पताल पर कार्रवाई होनी चाहिए और परिवार से वसूली गई नगद राशि का पाँच गुना सात दिन के भीतर लौटाना चाहिए।

लेकिन, एक साल बीत जाने के बावजूद न तो राशि लौटाई गई और न ही अस्पताल पर कोई कार्रवाई हुई। शिवशंकर सिंह का आरोप है कि डॉ. नवरत्न ने पीड़ित परिवार को लगातार गुमराह किया और निजी अस्पतालों को संरक्षण दिया। परिवार अब किडनी ट्रांसप्लांट के लिए दर-दर भटक रहा है। मुख्यमंत्री सहायता योजना में राशि स्वीकृत होने के बावजूद आज तक खाते में नहीं पहुंच सकी।

श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला। डोंगरगढ़ विधायक निधि से 12 लाख रुपए की सहायता की घोषणा की गई थी, लेकिन वह राशि भी परिवार तक नहीं पहुंची।

इसी के विरोध में फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी ने 15 सितंबर 2025, सोमवार को दोपहर 12 बजे कलेक्टरेट राजनांदगांव के सामने धरना देने का एलान किया है। पार्टी की मांग है कि डॉ. नेतराम नवरत्न को तत्काल बर्खास्त किया जाए और संजीवनी सहित अन्य निजी अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई हो। इसके लिए फ्लेक्स लगाने और पंपलेट बांटने का भी निर्णय लिया गया है।

शिवशंकर सिंह ने स्पष्ट किया कि अब पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना ही पार्टी का उद्देश्य है और जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *