
राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा। इसी क्रम में थाना बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 28 आरोपियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसा। पुलिस ने झांकी के दौरान चाकू लेकर घूमने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की, वहीं 26 अन्य युवकों को अशांति फैलाने और हंगामा करने पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्यवाही
दिनांक 06 सितम्बर 2025 को गणेश विसर्जन झांकी के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ युवक चाकू लेकर लोगों में भय का वातावरण बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर पुलिस ने तत्काल दबिश दी और आरोपियों से चाकू बरामद किया। उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 401/25 और 403/25 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की गई।
26 आरोपी अशांति फैलाते पकड़े गए
इसी दौरान झांकी में हुड़दंग और अशांति फैलाने वाले 26 युवकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इन सभी के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) भा.ना.सु.सं. के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के पश्चात सभी आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
आरोपी और अनावेदकगणों के नाम
आर्म्स एक्ट के तहत पकड़े गए आरोपियों के नाम हैं –
1. कुलेश्वर यादव पिता गंधवे यादव, उम्र 24 वर्ष निवासी बैंगाटोला थाना सोमनी।
2. सैम्यू पीटर पिता जार्ज विलयम पीटर, उम्र 21 वर्ष निवासी कंचन बाग अटल आवास, वार्ड 32 थाना बसंतपुर।
वहीं 26 अन्य अनावेदकों में विक्रम सिंह मंडावी, निलेश साहू, पंकज यादव, प्रीतम यादव, शिवम रजक, शिवम सिन्हा, मोहन जायसवाल, भुवनेश्वर मानिकपुरी, शिवम यादव, आकाश ठाकुर, राहुल सालेमन, नरेन्द्र साहू, संदीप माही, मुकेश यादव, विकास सोनकर, प्रकाश सोनकर, सुमित रनसुरे, भूषण उईके, इमरान खान, सतीश गजभिये, साहिल कुमार साहू, केशर यादव, मुकेश देशमुख, यश घरडे, रोशन साहू और महेश उर्फ लाकार शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
इस पूरी कार्यवाही को पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं सीएसपी पुष्पेंद्र नायक के निर्देशन में अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू और साइबर सेल प्रभारी विनय परमार ने संयुक्त रूप से नेतृत्व किया।
पुलिस की तत्परता से बनी रही शांति
गणेश चतुर्थी और विसर्जन के अवसर पर शहर में भारी भीड़ और उत्साह के बीच पुलिस की तैनाती चौक-चौराहों, भीतरी इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर की गई थी। बसंतपुर पुलिस की इस सतर्कता और त्वरित कार्यवाही से शहर में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा और संभावित अप्रिय स्थिति टल गई।
पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, निरीक्षक विनय परमार, उनि नरेश सार्वा, कैलाश मराई, सउनि जीवराज रावटे, डेमिन साहू, दीपक जायसवाल, एतन साहू, प्रदीप लडका, सीमा जैन, मेनका साहू, आरक्षक अतहर अली, संतोष महिपाल, मुंजलाल ठाकुर, जामिन्द्र वर्मा, फागु साहू, म.न.सै. उषा गिरी एवं अन्य स्टाफ की अहम और सराहनीय भूमिका रही।
राजनांदगांव पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने संदेश दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
