
राजनांदगांव।
चिखली ओव्हरब्रिज की जर्जर हालत और लगातार हो रहे हादसों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार के खिलाफ दो दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता की जान को जोखिम में डालकर केवल वोटों की राजनीति कर रही है। प्रदर्शन के समापन अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व खनिज निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने किया। उन्होंने कहा कि यह ओव्हरब्रिज करीब 42 साल पुराना और जर्जर हो चुका है। इस पुल से गुजरने वालों के मन में हमेशा भय बना रहता है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। अब तक कई निर्दोष लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, यहां तक कि कांग्रेस परिवार के सदस्य डॉ. अरुण देवांगन ने भी अपने पुत्र को इस दुर्घटना में खो दिया। छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार संवेदनशील मामले पर कुंभकरणीय नींद में सो रही है और जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।

प्रदर्शन में शामिल पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश की राजनीति की शुरुआत राजनांदगांव से होती है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का अपने ही क्षेत्र के इतने महत्वपूर्ण मुद्दे की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस पुल से स्वयं डॉ. सिंह भी गुजरते हैं, बावजूद इसके वे जनता की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। अगर अब भी हादसे होते हैं तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
पूर्व खनिज विकास निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन ने कहा कि भाजपा कहती है कांग्रेस ने कुछ नहीं किया, जबकि दुर्ग-रायपुर समेत कई ओव्हरब्रिज कांग्रेस सरकार के दौरान बने। लेकिन राजनांदगांव का दुर्भाग्य है कि यहां के विधायक रहते हुए 15 साल तक मुख्यमंत्री और आज विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे डॉ. रमन सिंह ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की। यह उनके अपने क्षेत्र के प्रति विजन की कमी को दर्शाता है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भारी बारिश भी हुई लेकिन कांग्रेसजनों ने नारेबाजी और विरोध जारी रखा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार अब भी नहीं जागी तो ढोल-नगाड़ों के साथ उनके कार्यालय के सामने प्रदर्शन होगा। धरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्रीकिशन खंडेलवाल, पदम कोठारी, कमलजीत सिंह पिन्टू, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व विधायक छन्नी साहू, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने किया।
धरना-प्रदर्शन ने एक बार फिर चिखली ओव्हरब्रिज की जर्जर हालत को सुर्खियों में ला दिया है। कांग्रेस ने साफ किया कि जनता की जान से खिलवाड़ अब और बर्दाश्त नहीं होगा। वहीं, भाजपा की ओर से अभी तक इस पर कोई ठोस जवाब नहीं आया है। जनता अब देख रही है कि क्या सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर ठोस कदम उठाती है या फिर यह मामला चुनावी घोषणाओं तक ही सीमित रह जाएगा।
