79 साल की आज़ादी के बाद भी कोसमी से ताड़ो-अड़जाल मार्ग उपेक्षित, आदिवासी क्षेत्रों में विकास की रफ्तार शून्य

खड़गांव, मानपुर जिला मॉल: मोहला मानपुर अ. चौकी
आज़ादी के 79 साल बाद भी छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों की तस्वीर नहीं बदली है। नवीन जिला मोहला मानपुर अ. चौकी के नवीन तहसील खड़गांव अंतर्गत ग्राम कोसमी से ताड़ो और अड़जाल को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यह मार्ग प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत आता है, फिर भी इसकी हालत इतनी खराब है कि बरसात के मौसम में यह पूरी तरह कीचड़ और पानी में तब्दील हो जाता है।

गांववासियों का कहना है कि बारिश होते ही पूरा इलाका पानी से गिर जाता है, जिससे लोगों का आना-जाना लगभग असंभव हो जाता है। आपातकालीन परिस्थितियों में, जैसे कि किसी की तबीयत बिगड़ने पर, चिकित्सा सुविधा समय पर नहीं पहुंच पाती।

इस क्षेत्र में कई खदानें स्थित हैं, जिनसे शासन को लाखों-करोड़ों की राजस्व प्राप्ति होती है, लेकिन यहां के मूल निवासियों—अधिकतर आदिवासियों—के हिस्से में अब तक सिर्फ़ उपेक्षा ही आई है।

स्थानीय जनता का कहना है कि क्षेत्र के दो बार विधायक रह चुके इंदर शाह मंडावी का भी इस गंभीर समस्या की ओर अब तक कोई ठोस ध्यान नहीं गया है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीत के बाद इस वनांचल क्षेत्र की सुध लेने कोई नहीं आता।

फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के अध्यक्ष श्री शिव शंकर सिंह ने हाल ही में वनांचल का दौरा किया। उन्होंने सड़क व पुलिया की जर्जर स्थिति और ग्रामवासियों की तकलीफों को स्वयं जमीन पर जाकर देखा। दौरे के बाद उन्होंने कहा, “यह बहुत शर्मनाक है कि जिन क्षेत्रों से सरकार को करोड़ों की आमदनी होती है, वहां के लोगों को सड़क, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। यह सीधा-सीधा अन्याय है। राज्य सरकार को इस ओर तत्काल ध्यान देना चाहिए।”

श्री सिंह ने यह भी संकेत दिया कि यदि शासन प्रशासन ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो पार्टी इस मुद्दे को ज़ोरदार तरीके से विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाएगी।

सरकार को चाहिए कि आदिवासी बहुल इस क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता में रखकर त्वरित कार्रवाई करे। अन्यथा यह उपेक्षा आने वाले समय में व्यापक जन आक्रोश का कारण बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *