
खड़गांव (मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी)।
फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह गौर ने हाल ही में तहसील खड़गांव अंतर्गत ग्राम पुसेवाड़ा का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने वहां के ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
श्री गौर ने बताया कि पुसेवाड़ा सहित आस-पास के गांवों में हर जगह “ग्राम सभा – स्थानीय स्वशासन” जैसे पांचवीं अनुसूची से जुड़े बोर्ड लगे हुए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि यह क्षेत्र संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है। ग्रामवासियों ने उन्हें बताया कि वे “पारंपरिक संरक्षित जनजातीय क्षेत्र” में रहते हैं, फिर भी राज्य का प्रशासनिक तंत्र निजी कंपनियों को यहां जबरन काम करने दे रहा है, जिससे उनके संवैधानिक अधिकारों का खुला उल्लंघन हो रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि बिना ग्रामसभा की सहमति के भूमि अधिग्रहण, खनन और विकास कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है, जो संविधान की पांचवीं अनुसूची और पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम – PESA एक्ट – का स्पष्ट उल्लंघन है।
इस संबंध में शिव शंकर सिंह गौर ने आश्वासन दिया कि, “संविधान में हर अन्याय का उपचार है, और इस अन्याय का उपचार भी हम खोज निकालेंगे। हमारी पार्टी आदिवासियों, वंचितों और मेहनतकश जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।”
उन्होंने कहा कि फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी जन-जन की आवाज बनेगी और जो भी ताकतें संविधान के खिलाफ काम कर रही हैं, उन्हें कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनका लक्ष्य है कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों के लोगों को उनके वास्तविक संवैधानिक अधिकार मिलें और ग्रामसभा की स्वायत्तता को पूर्णतः बहाल किया जाए।
