बढ़ी हुई एमएसपी का लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को मिलना चाहिएविकास के नाम पर हो रहे प्रकृति के विनाश को रोका जाए


08 जून 2025
स्थान: जगदलपुर, छत्तीसगढ़

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आज दिनांक 08 जून 2025 को जगदलपुर में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय पंत ने की, जबकि प्रदेश प्रभारी श्री प्रवीण क्रांति, प्रदेश सहसचिव श्री कमल कुशवाह एवं विधिक सलाहकार श्री महेन्द्र साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव श्री तेजराम विद्रोही ने किया।

बैठक में रायपुर, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर, गरियाबंद, बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर एवं दंतेवाड़ा जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

प्रदेश महासचिव श्री तेजराम विद्रोही ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही किसानों और आदिवासियों के साथ हो रहे शोषण, तथा प्राकृतिक संसाधनों के निरंतर दोहन और विनाश को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई।

बैठक में निम्नलिखित प्रमुख निर्णय लिए गए:

प्रत्येक ब्लॉक के 20 गाँवों में 20-20 नए सदस्य बनाए जाएंगे, जिससे सदस्यता में विस्तार होगा और मजबूत कमेटी का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।

आगामी 15 से 18 जून 2025 को हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में भाग लेने हेतु छत्तीसगढ़ से 50 प्रतिनिधियों का एक दल प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय पंत एवं विधिक सलाहकार श्री महेन्द्र साहू के नेतृत्व में 13 जून को दुर्ग रेलवे स्टेशन से ‘छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति’ ट्रेन द्वारा रवाना होगा।

शिविर में छत्तीसगढ़ के किसानों से जुड़े अहम मुद्दों जैसे जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में हुई वृद्धि का वास्तविक लाभ प्रदेश के किसानों को सुनिश्चित कराने की रणनीति तय की जाएगी।

इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में किसान एवं आदिवासी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) छत्तीसगढ़ सरकार से मांग करती है कि बढ़ी हुई एमएसपी का लाभ प्रदेश के किसानों को तत्काल प्रदान किया जाए और विकास के नाम पर आदिवासी अंचलों की प्राकृतिक धरोहरों के विनाश पर रोक लगाई जाए।

तेजराम विद्रोही
महासचिव
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), छत्तीसगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *