
राजनांदगांव, 13 मई – शहर की जन-जन की आवाज और पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने एक पत्र के माध्यम से जिले के नव नियुक्त कलेक्टर श्री नरेंद्र भूरे से आग्रह किया है कि वे अभिनंदन ग्लैक्सी कॉलोनी में हुए बड़े भूमि घोटाले की निष्पक्ष जांच कराएं। ओस्तवाल ने आरोप लगाया है कि नगर निगम भवन अनुज्ञा शाखा में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से, तथा आयुक्त के संरक्षण में, महज 5.81 एकड़ की स्वीकृति के आड़ में लगभग 22 एकड़ क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की गई है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में कॉलोनाइजरों द्वारा अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लगातार शिकायतें होने के बावजूद नगर निगम के अधिकारी, विशेष रूप से भवन अनुज्ञा शाखा प्रभारी श्री यू.के. रामटेके, इन मामलों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
इस पूरे प्रकरण में नंदई मोहारा रोड स्थित अभिनंदन ग्लैक्सी कॉलोनी का मामला विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जहां स्वीकृत क्षेत्रफल से चार गुना ज्यादा क्षेत्र में कॉलोनी विकसित कर दी गई, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
ओस्तवाल ने बताया कि जब यह मामला डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल द्वारा विधानसभा में ध्यानाकर्षण सूचना क्रमांक-21 के तहत उठाया गया, तब निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा द्वारा 22 फरवरी 2025 को संयुक्त कलेक्टर को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ नगर पालिक अधिनियम 1956 और नगर पालिक निगम कॉलोनाइजर नियम 2013 के तहत कार्यवाही करने की बात कही गई थी।
इसके बावजूद, अब तक करीब चार माह बीत चुके हैं और कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। ओस्तवाल का कहना है कि यह स्थिति प्रशासन की निष्क्रियता और भ्रष्टाचार को दर्शाती है। उन्होंने जिला कलेक्टर से आग्रह किया है कि वे तत्काल प्रभाव से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें और आपराधिक प्रकरण दर्ज कराएं।
उन्होंने यह भी मांग की कि निगम आयुक्त और भवन अनुज्ञा शाखा के प्रभारी से यह स्पष्टीकरण लिया जाए कि विधानसभा में उठाए गए गंभीर मामले पर अब तक जांच रिपोर्ट क्यों प्रस्तुत नहीं की गई।
हेमंत ओस्तवाल ने कहा कि यदि कलेक्टर महोदय इस मामले में गंभीरता से जांच प्रारंभ करते हैं, तो वे कई ऐसे दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं, जो नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार की परतें खोल देंगे।
संपर्क – हेमंत ओस्तवाल, मोब.: 9907114408
