शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का मामला: पीड़ित परिवार ने न्याय की लगाई गुहार, वैकल्पिक आवास की मांग

राजनांदगांव, छत्तीसगढ़।
जिले के बैगाटोला ग्राम के निवासी पंचलाल साहू एवं अनिल कुमार साहू ने तहसील प्रशासन से न्याय की अपील करते हुए एक आवेदन सौंपा है। आवेदन में दोनों ने स्वीकार किया है कि वे शासकीय भूमि खसरा नंबर 332 के अंश पर कच्चा मकान बनाकर रह रहे हैं। प्रशासन द्वारा इस निर्माण को अतिक्रमण मानते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

प्रशासन के इस कदम को लेकर संबंधित परिवार ने स्पष्ट किया है कि उनके पास न तो निजी जमीन है और न ही कोई वैध आवास। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कई बार आवेदन दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस सहायता नहीं मिली है।

पंचलाल साहू ने अपने आवेदन में निवेदन किया है कि जब तक उन्हें और उनके परिवार को वैकल्पिक आवास उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक उन्हें तहसीलदार आवास अथवा किसी अन्य सुरक्षित सरकारी स्थान पर रहने की अनुमति प्रदान की जाए।

इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि यदि उनके खिलाफ कानून का पालन करते हुए कार्रवाई की जा रही है, तो तहसील क्षेत्र में स्थित अन्य सभी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि संविधान की समता की भावना और कानून की निष्पक्षता बनी रह सके।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस मानवीय पक्ष को कितना संज्ञान में लेकर आगे की कार्रवाई करता है। पीड़ित परिवार न्याय और राहत की आस में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *