गैंदाटोला पुलिस की बड़ी कार्यवाही, फरार गौ तस्कर गिरफ्तार

राजनांदगांव, 13 मई 2025 — थाना गैंदाटोला पुलिस ने अवैध रूप से पशु तस्करी में लिप्त दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्यवाही छत्तीसगढ़ के पशु परिरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत की गई। पुलिस ने दो दिन पूर्व मौके से भागे गौ तस्करों को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिन्हित कर गिरफ्तार किया।

दिनांक 11 मई 2025 को सुबह सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन क्रमांक CG 08 AA 4892 में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर महाराष्ट्र के ककोड़ी स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर तत्परता दिखाते हुए थाना गैंदाटोला की टीम ने ग्राम मातेखेड़ा से ग्राम मासुल के बीच रेड कार्यवाही की। पुलिस को आता देख वाहन चालक और उसका साथी वाहन को मौके पर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए थे।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 14 नग गाय-बैल ठूंसे हुए हालत में पाए गए। साथ ही एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया, जो आरोपियों में से एक का था। पुलिस ने मोबाइल को तकनीकी जांच के लिए प्रयोग में लिया और आरोपियों की पहचान (1) संजय साहू, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम जंतर, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव और (2) इफान साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी आतरगांव, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव के रूप में की।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ग्राम खेरथा, जिला बालोद से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर ककोड़ी कत्लखाने ले जाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 13 मई को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस पूरी कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी श्री दिलीप सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव की अगुवाई में उप निरीक्षक रोहित खूंटे, आरक्षक श्रवण कुमार पैकरा, राकेश साहू, भरथरी चौरे, अमर सिंह कंवर एवं वाहन चालक टुमन लाल सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गैंदाटोला पुलिस की यह कार्यवाही पशु तस्करी जैसे जघन्य अपराधों पर नकेल कसने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *