राजनांदगांव पुलिस की अंजू सिंह ने राज्य स्तरीय पॉवरलिफ्टिंग में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास, “Strong Women of Chhattisgarh” का खिताब भी हासिल

भिलाई के खुर्सीपार में 24 अप्रैल से 26 अप्रैल तक आयोजित राज्य स्तरीय पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजनांदगांव पुलिस विभाग की महिला प्रधान आरक्षक अंजू सिंह ने सीनियर और मास्टर दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो-दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसी के साथ उन्हें “Strong Women of Chhattisgarh” का खिताब भी प्रदान किया गया।

इंडियन पॉवरलिफ्टिंग फेडरेशन के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से लगभग 400 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में राजनांदगांव पुलिस के सहायक सेनानी श्री राकेश सिंह और महिला थाना राजनांदगांव की महिला प्रधान आरक्षक अंजू सिंह द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु और वजन वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।

प्रशिक्षित खिलाड़ियों में सरिता मंडावी ने 63 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर, रागिनी साहू ने 76 किलोग्राम में सिल्वर, जितेश साहू ने 66 किलोग्राम में गोल्ड, देवांश ने 93 किलोग्राम में सिल्वर और आदित्य साहू ने 74 किलोग्राम में सराहनीय प्रदर्शन किया।

इस उपलब्धि पर राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य ने सभी विजेता खिलाड़ियों को अपने कार्यालय में आमंत्रित कर सम्मानित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बॉडी टेक जिम के संचालक श्री अमित अजमानी और श्रीमती रुचिका अजमानी भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि सहायक सेनानी राकेश सिंह और महिला प्रधान आरक्षक अंजू सिंह पिछले 10 वर्षों से पॉवरलिफ्टिंग खेल से जुड़े हुए हैं। वे न केवल पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं बल्कि खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण देकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *