बर्खास्त बी.एड. शिक्षकों ने सांसद संतोष पांडे को समायोजन निर्णय पर जताया आभार

राजनांदगांव, 4 मई 2025: बस्तर एवं सरगुजा संभाग में कार्यरत 2621 बी.एड. प्रशिक्षित बर्खास्त सहायक शिक्षकों ने समायोजन निर्णय पर आज राजनांदगांव के लोकप्रिय सांसद श्री संतोष पांडे से शिष्टाचार भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने गुलदस्ता भेंट कर उनके निरंतर समर्थन और संवेदनशील प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

ज्ञात हो कि लंबे समय से बर्खास्त बी.एड. सहायक शिक्षक अपनी सेवा सुरक्षा एवं पुनर्नियोजन की मांग को लेकर संघर्षरत थे। उन्होंने 14 दिसंबर 2024 से 18 अप्रैल 2025 तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। इस दौरान शिक्षकों ने कई बार जनप्रतिनिधियों को अपनी पीड़ा से अवगत कराया था। इसी कड़ी में उन्होंने श्री संतोष पांडे को भी ज्ञापन सौंपा था, जिस पर उन्होंने न केवल सकारात्मक आश्वासन दिया, बल्कि शिक्षक वर्ग की समस्याओं को शासन स्तर तक गंभीरता से पहुंचाया।

शिक्षकों ने बताया कि यह निर्णय उनके संघर्ष और जनप्रतिनिधियों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने इसे जनभावना की जीत बताया। श्री पांडे ने हमेशा शिक्षकों के साथ खड़े होकर उनकी मांगों को उचित मंच तक पहुँचाया, जिसकी परिणति राज्य सरकार के ऐतिहासिक समायोजन निर्णय के रूप में सामने आई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया यह निर्णय पूरे शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी राहत है। इस निर्णय के तहत 2621 बी.एड. प्रशिक्षित सहायक शिक्षकों को “सहायक शिक्षक प्रयोगशाला विज्ञान” के पद पर समायोजित किया गया है। इससे सैकड़ों परिवारों को पुनः सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिली है।

शिक्षकों ने इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री, राज्य मंत्रिमंडल, भाजपा संगठन, स्थानीय विधायकों तथा सभी जनप्रतिनिधियों का हृदय से आभार प्रकट किया जिन्होंने इस संघर्ष में साथ दिया। इस मुलाकात में शिक्षकों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी।

यह निर्णय न केवल शिक्षकों के लिए एक नई शुरुआत है, बल्कि यह सरकार की संवेदनशीलता और सकारात्मक कार्यशैली का प्रतीक भी है। शिक्षकों ने आशा जताई कि भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग मिलता रहेगा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

One thought on “बर्खास्त बी.एड. शिक्षकों ने सांसद संतोष पांडे को समायोजन निर्णय पर जताया आभार

  1. हम बीएड शिक्षित सहायक शिक्षकगण आपकी इस निष्पक्ष पत्रकारिता, साहसिक रिपोर्टिंग और संवेदनशील सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी जब कभी न्याय की आवाज़ उठेगी, आप उसी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से हमारे साथ खड़े रहेंगे।

    आपका सहयोग हमारे लिए प्रेरणा है।
    आपका समर्थन हमारे लिए शक्ति है।

    एक बार पुनः, हम आप सभी मीडिया बंधुओं को कोटिशः धन्यवाद देते हैं।
    बीएड प्रशिक्षित सहायक शिक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *