पीएम मोदी की बिलासपुर में मेगा रैली: 100 एकड़ में विशाल सभा, 5 हेलीपेड और 2 लाख की भीड़ के लिए भव्य इंतजाम….

पत्रिका खबर  : (छग) बिलासपुर के मोहभट्ठा में 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशाल सभा के लिए लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन में 55 एकड़ का हिस्सा सभा स्थल के लिए निर्धारित है, जबकि शेष क्षेत्र को पार्किंग के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अलग-अलग रूट के आधार पर कलर कोडिंग की गई है और इसे जिलावार आरक्षित रखा गया है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। सभा स्थल में प्रधानमंत्री और उनके स्टाफ के लिए तीन हेलीपेड लगभग तैयार हो चुके हैं, जबकि राज्यपाल और मुख्यमंत्री के लिए दो अन्य हेलीपेड स्थल के एक छोर पर बनाए जा रहे हैं।

मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें गर्मी और बारिश दोनों का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ-साथ लोगों की सुविधाओं का भी खास ख्याल रखा जाएगा।

इस सभा में बिलासपुर सहित पूरे राज्य से करीब दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। हितग्राहियों की सहूलियत का ध्यान रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के आने-जाने के दौरान किसी को असुविधा न हो। सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए हितग्राहियों को दो-तीन घंटे पहले ही सभास्थल पर पहुंचना होगा।

सभा स्थल को 120 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक सेक्टर में 1000 से 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। हर सेक्टर में पानी, नाश्ता, दवा और साफ-सफाई का प्रबंधन करने के लिए लगभग सात कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। चूंकि लोग लगभग 4-5 घंटे तक सभास्थल पर रहेंगे, इसलिए करीब 150 पक्के टॉयलेट भी बनाए जा रहे हैं।सभा स्थल की ब्रांडिंग और अंतिम रूप देने का कार्य 25 मार्च के बाद शुरू किया जाएगा, ताकि यह पूरी तरह से तैयार हो सके।

Join Whatsapp Group