राजनांदगांव। जिलेवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे से अब आमजन निर्धारित दिवसों और समय में कलेक्टोरेट कार्यालय में मुलाकात कर सकेंगे। कलेक्टर से अपनी समस्याओं के निराकरण तथा आवश्यक कार्यों हेतु मिलने के लिए सोमवार, मंगलवार एवं गुरुवार का दिन तय किया गया है। इन दिनों में सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 1.30 बजे तक कोई भी नागरिक अपनी समस्याओं के साथ सीधे कलेक्टर से भेंट कर सकता है।

इसके अतिरिक्त, प्रत्येक मंगलवार को ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। जनदर्शन का आयोजन प्रातः 11 बजे से शुरू होगा और लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु यह कार्यक्रम तब तक चलेगा जब तक सभी उपस्थित लोगों की समस्याओं को सुना न जाए। जनदर्शन कार्यक्रम में जिलेभर से आने वाले नागरिक अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक, शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं को सीधे कलेक्टर के समक्ष रख सकेंगे।
गौरतलब है कि बुधवार एवं शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. भुरे जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इन दिनों वे कार्यालय में उपस्थित नहीं रहेंगे। दौरे के दौरान वे विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे, विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत को देखेंगे तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से फीडबैक प्राप्त करेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य जिला प्रशासन को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाना है।
कलेक्टर की गैर-मौजूदगी में अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे ताकि नागरिकों के आवश्यक कार्यों में कोई व्यवधान न आए। अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक निर्णय लेंगे और जनसुविधा को प्राथमिकता देंगे। इससे आम लोगों के छोटे-बड़े काम समय पर निपटाए जा सकेंगे और प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी।
जिला प्रशासन की ओर से आम जनता से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिनों एवं समय का पालन करते हुए अपनी समस्याओं को प्रस्तुत करें, जिससे सुचारु ढंग से सुनवाई और समाधान किया जा सके। यह पहल शासन-प्रशासन के प्रति लोगों के विश्वास को बढ़ाएगी और समस्याओं के त्वरित निपटारे में मददगार साबित होगी।
