

रायपुर: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए रायपुर निवासी श्री दिनेश मिरानिया जी की अंतिम यात्रा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शहीद को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री के अलावा अन्य मंत्री व अन्य नेता भी सम्मिलित हुए।
मुख्यमंत्री ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और “अमर रहे” के नारों के बीच शहीद को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा:
पहलगाम आतंकी हमले में देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ ने भी अपने बेटे श्री दिनेश मिरानिया को खोया है। स्व. दिनेश मिरानिया जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
