महापौर ने दिखाई संवेदनशीलता, भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए स्कूलों में छुट्टी और सिग्नल बंद करवाए

राजनांदगांव, 22 अप्रैल। इन दिनों प्रदेश में भीषण गर्मी से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव के महापौर मधुसूदन यादव ने विद्यार्थियों और आम लोगों को राहत देने के लिए एक संवेदनशील और त्वरित कदम उठाया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर स्कूलों में छुट्टियाँ घोषित करने और शहर के ट्रैफिक सिग्नल कुछ समय के लिए बंद करने की पहल की, जिससे लोग गर्मी में बेवजह न रुकें और धूप में खड़े न रहें।

महापौर ने संभागीय आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर कहा कि गर्मी के चलते विद्यार्थियों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। कई जगहों पर बच्चों को चक्कर आने, बीमार पड़ने जैसी घटनाएं सामने आ रही थीं। इस पर ध्यान देते हुए महापौर ने स्कूलों को गर्मियों की छुट्टियों के आदेश जल्द लागू करने का अनुरोध किया। शासन ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए 15 जून तक स्कूलों को बंद रखने का निर्णय  और निर्देश जारी कर दिए।

इतना ही नहीं, महापौर ने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया कि दिन के सबसे गर्म समय में, यानी सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के सभी प्रमुख ट्रैफिक सिग्नलों को बंद रखा जाए, ताकि लोग बिना कारण धूप में खड़े न रहें। इस पर भी तुरंत सहमति दी गई और ट्रैफिक विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महापौर मधुसूदन यादव की यह पहल न सिर्फ प्रशंसनीय है, बल्कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के रूप में उनके कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील स्वभाव को दर्शाती है। उनके इस कदम से हजारों बच्चों और आम नागरिकों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *