

राजनांदगांव रेंज के नव नियुक्त पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य (भा.पु.से.) ने आज औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
पदभार ग्रहण के उपरांत श्री शांडिल्य ने पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव श्री मोहित गर्ग, पुलिस अधीक्षक केसीजी श्री त्रिलोक बंसल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से सौजन्य भेंट की और कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

इस दौरान तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग और श्री त्रिलोक बंसल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
गौरतलब है कि श्री अभिषेक शांडिल्य वर्ष 2007 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में रायपुर, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, रायगढ़, सुकमा, बलौदाबाजार समेत कई जिलों में विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं। वर्ष 2018 से 2024 तक वे केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में पदस्थ रहे। वहीं वर्ष 2021 में उन्हें उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया। वर्ष 2025 में वे पुलिस महानिरीक्षक के रूप में पदोन्नत होकर नवा रायपुर में पदस्थ थे, जहां से स्थानांतरण के पश्चात् उन्होंने आज राजनांदगांव रेंज का कार्यभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, श्री मुकेश ठाकुर, श्रीमती गीता वागवानी, एसडीओपी श्री दिलीप सिसोदिया, डीएसपी श्रीमती तनुप्रिया ठाकुर, प्रशिक्षु आईपीएस श्री ईशू अग्रवाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
