डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने संभाला राजनांदगांव कलेक्टर का कार्यभार, अधिकारियों से की परिचय बैठक

राजनांदगांव, 21 अप्रैल 2025।
जिले के नवपदस्थ कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2011 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी डॉ. भुरे के आगमन पर जिले के प्रशासनिक हलकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार देखा गया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्टोरेट परिसर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों से औपचारिक परिचय प्राप्त किया और जिले की प्रशासनिक व्यवस्था की प्राथमिक जानकारी ली।

डॉ. भुरे ने कार्यभार संभालने के तुरंत बाद ‘सुशासन तिहार’ के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। कलेक्टर ने जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि जनहित में बेहतर परिणाम मिल सकें।

कलेक्टर डॉ. भुरे ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि वे आम नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए समय-समय पर जनदर्शन का आयोजन करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्रीय भ्रमण कर जमीनी हकीकत से भी अवगत रहें।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ. भुरे डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माँ बम्लेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। उन्होंने माँ बम्लेश्वरी से जिले की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उनके साथ अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सरस्वती बंजारे, संयुक्त कलेक्टर सुश्री हितेश्वरी बाघे, डिप्टी कलेक्टर श्री अमिय श्रीवास्तव, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे एक कुशल, अनुभवी और जनसेवा के प्रति समर्पित अधिकारी माने जाते हैं। उनके नेतृत्व में जिले में प्रशासनिक कार्यों में और अधिक गतिशीलता आने की उम्मीद की जा रही है। जिलेवासियों को उनसे बेहतर प्रशासनिक अनुभव और सेवाएं मिलने की आशा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *