
राजनांदगांव, 16 अप्रैल।
पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग के निर्देशन एवं अति. पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश ठाकुर (नक्सल ऑपरेशन) तथा अति. पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में आज शहर के प्रतिष्ठित गायत्री विद्यापीठ स्कूल में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में निरीक्षक श्री अजय खेस, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव व अशोक साहू द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्य श्रीमति शैलजा नायक (सीबीएसई) एवं श्रीमति पिंकी खण्डेलवाल (छत्तीसगढ़ बोर्ड) के साथ रसायन शास्त्र शिक्षक श्री नीरज साहू भी मौजूद रहे। साथ ही ‘यंग इंडिया’ संस्था से श्री नीरज सिंघल, श्री प्रणय बोहरा एवं श्री श्रेयांश पारख की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सार्थक बनाया।
कार्यशाला के दौरान लगभग 250 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए यातायात पुलिस ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग जानलेवा हो सकता है। इसके अलावा ओवर स्पीडिंग, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे असावधानी भरे व्यवहार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

छात्रों को यह भी बताया गया कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी होती है कि वह न केवल स्वयं नियमों का पालन करे, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
कार्यक्रम के अंत में यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें। यह न केवल उनकी स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि समाज में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका को भी दर्शाता है।
इस अवसर पर आयोजित ‘गायत्री टैलेंट सर्च 2025’ कार्यक्रम के साथ इस सड़क सुरक्षा सत्र का संयोजन विद्यार्थियों के लिए बेहद शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
