ग्राम पंचायत कँगलूटोला में किसान संगोष्ठी का आयोजन, आय दुगुनी करने के उपायों पर हुई चर्चा

कंगलूटोला, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 9 अप्रैल 2025:
ग्राम पंचायत कँगलूटोला टोला में भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष कौशल देशमुख के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञ शिव शंकर विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने किसानों को अपनी आय दुगुनी करने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

शिव शंकर जी ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में धान की कीमत ₹3100 प्रति क्विंटल है, जिसके चलते किसान अधिक लाभ के उद्देश्य से अत्यधिक मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को आगाह किया कि बिना मिट्टी परीक्षण के खाद व उर्वरकों का उपयोग करना नुकसानदायक हो सकता है। साथ ही उन्होंने बताया कि कई बार खाद विक्रेता और कृषि केंद्र किसानों को उत्पादन बढ़ाने के नाम पर अधिक दामों में खाद और बीज बेचते हैं।

उन्होंने किसानों से अपील की कि सभी लोग मिट्टी परीक्षण अवश्य करवाएं। परीक्षण के बाद ही यह निर्धारित किया जा सकता है कि किस फसल के लिए कितनी और किस प्रकार की खाद की आवश्यकता है।

संगोष्ठी में शिक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। शिव शंकर जी ने बताया कि सरकार शिक्षकों को समय पर वेतन दे रही है, लेकिन कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुँचते, जिससे किसानों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि गांव में एक निगरानी समिति बनाई जाए जो शिक्षकों की उपस्थिति पर निगरानी रखे।

किसानों को सलाह दी गई कि वे उचित प्रशिक्षण लेकर ही बीज, दवाइयों और खाद का उपयोग करें ताकि उन्हें अधिक लाभ प्राप्त हो।

कार्यक्रम में ग्राम सरपंच अमेरिका तुलावी, उपसरपंच कौशल देशमुख, वार्ड पंच कपिल खरे, संगीता ताराम, नंदकुमार यादव, गेंदा भाई निषाद, गांव से प्रमुख उदय राम, तुलाराम, सुरसिंह एवं अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।

महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर महिला काउंसलर संतोषी सलामें ने कहा कि महिलाओं व बालिकाओं को यदि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता की आवश्यकता होगी, तो वह हमेशा तत्पर रहेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि समय-समय पर महिलाओं और बच्चों के अधिकारों व कानून की जानकारी हेतु संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।

इस आयोजन ने न केवल कृषि बल्कि ग्रामीण शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर भी जागरूकता फैलाने का कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *