संस्कारधानी राजनांदगांव में अवैध शराब बिक्री और आरटीओ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग व कलेक्टर को सौंपा राज्यपाल के नाम ज्ञापन: शमशुल आलम

राजनांदगांव। शहर में अवैध शराब बिक्री और आरटीओ कार्यालय में अधिकारी व बाबूओं द्वारा अवैध वसूली को लेकर विरोध तेज हो गया है। इस संबंध में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता एवं पूर्व महापौर प्रत्याशी शमशुल आलम और कर्तव्य न्याय एवं भागीदारी आंदोलन के संयोजक शिव शंकर सिंह गौर ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
ज्ञापन में बसपा नेता शमशुल आलम और शिव शंकर सिंह गौर ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध शराब का धंधा तेजी से फल-फूल रहा है। इस कारोबार में आबकारी विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत होने की बात भी सामने आ रही है। उन्होंने विशेष रूप से आबकारी अधिकारी यदु नंदन राठौर पर अवैध शराब विक्रेताओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है, जिससे समाज में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।

आरटीओ कार्यालय में अवैध वसूली का मामला
बसपा नेता और आंदोलन के संयोजक ने आरटीओ कार्यालय में चल रही भ्रष्टाचार की गतिविधियों को उजागर करते हुए अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) आनंद शर्मा ,केशव  रमाकांत  व नंद कुमार जोशी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि वाहन पंजीकरण, लाइसेंस जारी करने और अन्य परिवहन संबंधी कार्यों में आम जनता से अवैध वसूली की जा रही है। बिना रिश्वत दिए किसी भी काम को अंजाम तक नहीं पहुंचाया जाता, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग व दोषी अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही न होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी


ज्ञापन में इन दोनों नेताओं ने राज्यपाल से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने अवैध शराब बिक्री और आरटीओ कार्यालय में जारी भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि इन अवैध गतिविधियों पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।

जनता में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
शहर में अवैध शराब और आरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता में भी आक्रोश बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाने चाहिए। शहरवासियों ने भी सरकार से अपेक्षा की है कि भ्रष्ट अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और लोगों को न्याय मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता और आंदोलन से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में अवैध शराब बिक्री और आरटीओ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *