होली में अशांति फैलाने वाले दो बदमाशों पर चिखली पुलिस की सख्त कार्रवाईधारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज, न्यायालय में किया गया पेश

राजनांदगांव, 04 मार्च 2026।
होली पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी चिखली पुलिस ने अशांति फैलाने की आशंका पर दो बदमाशों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महोदया अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी चिखली क्षेत्र में होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के दो युवक मोहल्ले में आने-जाने वाले लोगों से वाद-विवाद कर रहे हैं और उनके व्यवहार से अशांति फैलने की आशंका उत्पन्न हो रही है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की पहचान तौफिक खान (27 वर्ष), निवासी मस्जिद गली गौरीनगर तथा दिव्यांस भावे (23 वर्ष), निवासी स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 13, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव के रूप में की। दोनों के विरुद्ध शांति भंग करने की संभावित स्थिति को देखते हुए पृथक-पृथक रूप से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होली जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
चौकी चिखली प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न हुई। इस दौरान प्र.आर. अरूण कुमार नेताम, म.प्र.आर. मायासिंह गौर, ज्योति साहू, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी सहित समस्त चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखें, किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *