
राजनांदगांव/दुर्ग/रायपुर।
कृषि एवं मेडिकल उत्पादों के नाम पर देश और प्रदेश में संचालित कई डायरेक्ट सेलिंग एवं नेटवर्क मार्केटिंग कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर किसानों और आम उपभोक्ताओं का शोषण किया जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर प्रेस रिपोर्टर क्लब के संरक्षक श्री शिव शंकर सिंह गौर ने खुलकर मोर्चा खोलते हुए राज्यव्यापी अभियान और आंदोलन की घोषणा की है।

श्री शिव शंकर सिंह गौर ने बताया कि कई कंपनियां बिना किसी विभागीय अनुमति के “हम और हमारे दो”, “लेफ्ट–राइट” जैसी पिरामिड प्रणाली पर आधारित नेटवर्क खड़ा कर रही हैं। इन नेटवर्कों के माध्यम से कृषि और मेडिकल उत्पादों को वास्तविक कीमत से कई गुना अधिक, कभी-कभी दस गुना तक बढ़े हुए एमआरपी पर बेचा जा रहा है। लोगों को यह कहकर नेटवर्क से जोड़ा जाता है कि उन्हें मोटा कमीशन और आर्थिक लाभ मिलेगा।
कृषि क्षेत्र में जैविक उत्पादों के नाम पर तथा मेडिकल क्षेत्र में इम्यूनिटी बूस्टर, एलर्जी रोधी दवाइयों और न्यूट्रिशन सप्लीमेंट्स के नाम से ऐसे उत्पाद बाजार में उतारे जा रहे हैं, जिनकी गुणवत्ता, वैधानिक अनुमति और वैज्ञानिक प्रमाण संदेह के घेरे में हैं। प्रेस रिपोर्टर क्लब के संरक्षक श्री शिव शंकर सिंह गौर का कहना है कि यह सीधे तौर पर किसानों की मेहनत और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में संबंधित विभागों की भूमिका बेहद कमजोर नजर आ रही है। विभागीय हस्तक्षेप लगभग शून्य है, जिससे ऐसी कंपनियां बेखौफ होकर अपना नेटवर्क फैला रही हैं। न तो इन पर समय पर कार्रवाई हो रही है और न ही वैध रूप से अनुमति लेकर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों के नियंत्रण में ये गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।
श्री शिव शंकर सिंह गौर ने स्पष्ट किया कि प्रेस रिपोर्टर क्लब के माध्यम से इन डायरेक्ट मार्केटिंग कंपनियों के खिलाफ व्यापक खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी कंपनियों और उनके डीलर्स पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए इस मुद्दे को जमीन स्तर से लेकर शासन और प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। यह अभियान चरणबद्ध तरीके से जन आंदोलन का रूप लेगा।
उन्होंने किसानों और उपभोक्ताओं से अपील की कि वे इस प्रकार के कृषि एवं मेडिकल उत्पाद केवल अधिकृत पिक-अप सेंटर या वैध लाइसेंसधारी स्रोतों से ही खरीदें। अनधिकृत स्थानों से उत्पाद खरीदना न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा साबित हो सकता है।
शिव शंकर सिंह गौर ने जानकारी दी कि इसी प्रकार के एक मामले में दुर्ग-धनोरा क्षेत्र में संचालित एक कंपनी के खिलाफ कृषि विभाग रायपुर एवं दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद प्रशासन द्वारा लगभग 2 करोड़ 83 लाख रुपये मूल्य के कृषि उत्पादों को सील किया गया, जो इस अभियान की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
अंत में शिव शंकर सिंह गौर, जो कि फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं कर्तव्य न्याय भागीदारी आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, ने कहा कि उपभोक्ताओं और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
