कृषि एवं पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम से छग कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता संघ की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ पशुधन विकास विभाग में कार्यरत कार्य आधारित मानदेय पर कार्य करने वाले छग प्रशिक्षित कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता गौसेवक एवं मेत्री संघ के पदाधिकारियों ने प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री रामविचार नेताम से सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मंत्री जी को संघ की ओर से श्रीफल, साल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही गौमाता का प्रतीक चिन्ह भेंट कर विशेष रूप से सम्मान किया गया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, सचिव पुष्पकान्त शर्मा, कोषाध्यक्ष धर्मेश साहू और सह सचिव रामकृष्ण सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संघ की ओर से अध्यक्ष राजपूत एवं सचिव पुष्पकान्त शर्मा ने संयुक्त रूप से मंत्री जी को अवगत कराया कि संघ के कार्यकर्ता विगत 25 वर्षों से विभाग के साथ जुड़कर कार्य कर रहे हैं। वर्ष 1999 से गौसेवक का पद निकालकर प्रशिक्षण दिया गया था और तब से ही बधियाकरण, टीकाकरण तथा प्राथमिक उपचार में विभाग को सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान का प्रशिक्षण अब तक नहीं मिलने के कारण संघ के सदस्य यह कार्य नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि वर्ष 2005-06 से जब निजी कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता पद सृजित हुए और विभाग ने प्रशिक्षण प्रारंभ किया, तब से संघ के सदस्य भी पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण, बधियाकरण, प्राथमिक उपचार, पशु संगणना और पशु शिविरों में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। लेकिन उनकी सेवाएं कार्य आधारित मानदेय पर ली जा रही हैं और मानदेय की राशि मिलने में कई बार वर्षों लग जाते हैं। इस पर मंत्री नेताम ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर विस्तार से जानकारी लेकर उचित निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर संघ ने छत्तीसगढ़ गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्री बिसेसर पटेल और संरक्षक संत श्री रामबालक दास महाराज का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गोधाम को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे गौसेवा के क्षेत्र में नई दिशा मिली है।

मुलाकात के दौरान रायपुर संभाग अध्यक्ष दुलारू राम साहू, दुर्ग संभाग से कमल किशोर पांडे, बस्तर संभाग से मंत्रीलाल जैन, जिला अध्यक्ष रायपुर से नरेंद्र साहू, जिला अध्यक्ष बालोद से किशोर साहू, सक्रिय सदस्य भूषण देवांगन (रायपुर), तिजेंद्र साहू (धमतरी), डोमन यादव (महासमुंद), नारायण यादव और श्रीराम साहू भी उपस्थित थे।

संघ के पदाधिकारियों ने मंत्री महोदय से अनुरोध किया कि लंबे समय से सेवा दे रहे प्रशिक्षित गौसेवकों और मेत्री कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण एवं उचित मानदेय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री जी ने इस दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

यह सौजन्य भेंटवार्ता न केवल संगठन के कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बनी, बल्कि छत्तीसगढ़ में पशुधन और गौसेवा के क्षेत्र में भविष्य की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण पहल भी साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *